देहरादून। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष एसएस कलेर का 24 वर्षीय बेटा सिकंदर कलेर गुरूवार को देहरादून के एक होटल के कमरे में मृत पाया गया। राजपुर रोड थाने के प्रभारी अभिनय चौधरी ने कहा कि आप नेता एसएस कलेर का बेटा सिकंदर कलेर राजपुर रोड स्थित एक होटल गया था। सुबह परिवार के सदस्यों ने सिकंदर को फोन किया था, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाई तो परिजनों को चिंता हुई।
इधर होटल के कर्मचारियों ने जब रूम का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर सिकंदर का शव देकर सभी सन्न रह गए।
पुलिस ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि सिकंदर कलेर ने बुधवार को होटल में छहरा। उनका परिवहन से संबंधित व्यवसाय था। बुधवार शाम वह अपने दोस्त के साथ बाहर निकला था। लौटने के बाद वह अपने कमरे में दाखिल हुआ और अंदर से बंद कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। होटल स्टाफ के बयान लिए जा रहे हैं।
