बीरोंखाल में कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

पौड़ी गढ़वाल। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ-2025 के अंतर्गत एक दल ने जनपद पौड़ी के सुदूरवर्ती विकासखंड वीरोंखाल में पहुंचकर किसानों के साथ संवाद किया।

कृषि मंत्रालय के उप सचिव (विस्तार) अनूप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे दल ने किसानों को उनकी मातृभाषा गढ़वाली में संवाद कर अभियान की जानकारी दी। श्री बिष्ट ने किसानों को सरकार की कृषि योजनाओं, नई तकनीकों, उन्नत बीजों, जल प्रबंधन, जैविक खेती की वैज्ञानिक विधियों, और नवीन कृषि शोधों के बारे में विस्तार से बताया। दल में उप निदेशक एस. भानमती और क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री जिस्नु के. जे. भी शामिल थे।
अनूप सिंह बिष्ट ने कहा, ‘प्रधानमंत्री के ‘लैब टू लैंड’ नारे के तहत हम कृषि शोध को खेतों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों की आय वृद्धि के लिए इस तरह के अभियानों को महत्वपूर्ण मानते हैं और स्वयं इसमें सक्रिय हैं। उन्होंने कृषि मंत्रालय के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

उप निदेशक श्रीमती एस. भानमती ने कहा कि कृषि से जुड़े रहना वर्तमान समय की आवश्यकता है। हमें सुनिश्चित करना है कि किसान लाभ वाली फसल लगाएं तथा योजनाओं का लाभ उठाना सीखें।

क्षेत्रीय गृह अर्थशास्त्री श्री जिस्नु ने कहा कि सरकार आतमा परियोजना के तहत प्रशिक्षण देकर किसानों की आय में वृद्धि कर रही है। साथ ही गुणवत्तापूर्ण फसलों के उत्पादन की तरफ भी किसानों को प्रोत्साहित कर रही है।

काश्तकारों ने कृषि उपकरणों की खरीद में समस्या, बेहतर नर्सरी की अनुपलब्धता, काश्तकारों को पंतनगर विश्वविद्यालय के बजाय स्थानीय स्तर पर भरसार विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण की व्यवस्था, सब्सिडी का भुगतान न होने सहित अन्य समस्याएं रखी।

आपको बता दें कि विकसित कृषि संकल्प अभियान खरीफ 2025 के भारत सरकार की एक टीम पौड़ी जनपद पहुंची है। इसके तहत इस टीम ने 10 जून 2025 को पौड़ी जनपद के बीरोंखाल ब्लॉक में किसानों से संवाद और समीक्षा बैठक ली है। जबकि 11 जून 2025 को यह टीम देवराड़ी देवी पौखड़ा में खंड स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन में प्रतिभाग करेगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *