देहरादूनः पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आपदाग्रस्त गांवों का किया दौरा

देहरादून। उत्तराखंड में आसमानी आफत कहर बरपा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में आपदा जैसे हालत देखने को मिल रहे हैं। मालदेवता के सरखेत में भारी तबाही मची है। इसी कड़ी में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बता दें शनिवार को मसूरी विधानसभा सभा क्षेत्र के ब्लॉक रायपुर के ग्राम सभा सरखेत में बारिश से भारी तबाही मची थी, जहां कई मकान बह गए थे।

आपदा की वजह से कई लोग बेघर हो गए। उनके घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए। कई परिवारों ने जंगलों में रात बिताकर अपने आप को बचाया। अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को आपदा प्रभावित प्रभावित क्षेत्रों कुमाल्डा, तिमली मानसिंह, सीतापुर, सरखेत और गवाड़ गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावितों को भोजन, पानी, रहने आदि की दिक्कत न हो इसके लिए वहां मौजूद शासन प्रशासन के अधिकारियों को विशेष तौर पर कहा।

उन्होंने कहा कि टूटे सड़क मार्गों और बिजली की व्यवस्था के लिए सरकार बहुत तेजी से कार्य कर रही है। लापता लोगों का सर्च ऑपरेशन भी युद्ध स्तर पर चल रहा है।उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग की मानें तो उत्तराखंड में आपदा में तीन लोगों की मौत हुई है। 13 लोग लापता हैं और 34 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक पौड़ी और दो टिहरी जिले के हैं। जबकि, देहरादून जिले के सात और टिहरी के छह लोग लापता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *