डीएम की अगुवाई में किया गया रात्रि चौपाल का आयोजन

देहरादून। विकास खंड पौड़ी के अंतर्गत बाड़ा पिसोली में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ ही गांव में संचालित विभागीय योजनाओं का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने उद्यान विभाग को दो दिन के भीतर ग्रामीणों को फलदार वृक्षों की पौध उपलब्ध कराने के साथ ही एडीओ उद्यान को क्षेत्र में नियमित भ्रमण करते हुए काश्तकारों की फसली बीज संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों के पालतू पशुओं के आवश्यक टीकाकरण को लेकर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से फीडबैक लिया जो कि संतोषजनक पाया गया। इसके अलावा गांव में आधार कार्ड, केसीसी कार्ड तथा जिन परिवार मुखिया की मृत्यु के कारण किसान सम्मान निधि नही मिल पा रही है उनको किसान सम्मान निधि उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने पंचायत भवन परिसर में आम के पौधे का रोपण भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *