अंत्योदय राशन कार्ड पर साल में मिलेंगे तीन सिलेंडर मुफ्त

देहरादून। गुरूवार को सचिवालय के विश्वकर्मा भवन में सीएम धामी की अगुवाई में कैबिनेट की मीटिंग हुई। जिसमें कई अहम फैसले लिए गये। कैबिनेट की बैठक में किसानों को बोनस, गरीब परिवारों को साल में तीन मुफ्त सिलेंडर दिये जाने जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिये गये।

मीटिंग के दौरान विधानसभा सत्रावसान का औपचारिक अनुमोदन प्रदान किया गया। वहीं हरिद्वार जिला पंचायत निर्वाचन के संबंध में फैसला लिया गया कि एडवोकेट जनरल से इस संबंध में विधिक पहलू से अवगत करायेंगे। इसके पश्चात कैबिनेट इस पर निर्णय लेगी।

कैबिनेट ने गरीब परिवारों को बढ़ती रसोई गैस की कीमतों से राहत दिलाने की कोशिश की है। कैबिनेट ने फैसला लिया है कि प्रदेश के सभी अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति वर्ष तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। इससे संबंधित लाभार्थियों की संख्या 1 लाख 84 हजार 1 सौ 42 है तथा इस पर कुल 55 करोड़ रू. का व्यय भार होगा।

वहीं किसानों को भी लेकर मीटिंग में अहम फैसले लिये गये। अब गेंहू खरीद से संबंधित हर वर्ष की तरह कृषकों को प्रति क्विंटल 20 रू. बोनस देने का निर्णय दिया गया। गन्ना विभाग द्वारा शासकीय गारंटी दी जाती है, इसके ऊपर प्रतिभूति शुल्क गन्ना विभाग को देना होता है, अधिनियम के अनुसार यह धनराशि गन्ना विभाग, शासन को निशुल्क रूप में देगा। यदि गन्ना मूल्य भुगतान के लिये गन्ना विभाग को धन की आवश्यकता होगी तो उसकी प्रतिपूर्ति सरकार करेगी। यदि इस शुल्क को देने के लिये धन की आवश्यकता होगी तो सरकार वित्तीय सहायता देगी।

पशुपालन विभाग में कृत्रिम गर्भाधान के लिये जाने वाले कार्मिकों को पूर्व की भांति मैदान में 40 रू. और पहाड़ में 50 रू. दिया जायेगा। श्री केदारनाथ निर्माण के संबंध में जिन भवनों को 1 मंजिल से बढ़ाकर 2 मंजिल करनी है उनके लिये संबंधित ठेकेदार को उसी दर पर कार्य करने की मंजूरी दी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *