बाइक रैली के जरिये दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

देहरादून। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार को राजभवन से त्रिकोण सोसाइटी द्वारा आयोजित उत्तराखण्ड विमेन बाइक रैली-2021 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। महिला सशक्तीकरण हेतु आयोजित इस महिला बाइक रैली की थीम थी-अपने को साबित करने के लिये ड्राइव करो।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड विमेन बाइक रैली-2021 का आयोजन उन महिलाओं के लिए एक सार्थक प्रयास है, जो आज समाज में अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ रही है। आज हमारी बेटियां और महिलाएं किसी से कम नही है। कुछ वर्षों पहले जो काम केवल पुरुषों के लिए आरक्षित माना जाता था, आज हमारी बेटियां भी वो सारे काम कर रही है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में भी आज हम तेजी से आगे बढ़ रहे है। राज्यपाल ने युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे राजभाषा हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग करें एवं इसे प्रोत्साहित करें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डा० हरक सिंह रावत ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नही है। महिलाएं बाइक चलाने से लेकर सभी कार्य आत्मविश्वास के साथ कर रही हैं। हमें उन्हें प्रोत्साहित करना होगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड विमेन बाइक रैली के आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में यह सन्देश पहुंचाना है कि आज की महिलाएं पूरे देश को सकारात्मक बदलाव की तरफ ले जा रही हैं। इसी उद्देश्य के लिए देश के विभिन्न राज्यों से महिलायें इस बाइक रैली में भाग लेने आयी हैं। इस रैली में 60 से अधिक महिला पुलिस कर्मी और महिला गार्डस तथा समाज के सभी वर्गों की महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर त्रिकोण सोसाइटी से सुश्री नेहा शर्मा, सुश्री किरण भट्ट, श्री निर्मल शर्मा एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *