रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग जिले का डूंगर गांव इन दिनों पेयजल की किल्लत से जूझ रहा है। गांव वाले बताते हैं कि क्षेत्र में डूंगर ही ऐसा गांव रहा है जहां पानी की कोई कमी नहीं रही। लेकिन सरकारी कुव्यवस्था के चलते इस गांव में भी पानी की किल्लत शुरू हो गई है।
गांव के वाशिंदे और यूकेडी के युवा नेता योगेश शुक्ला बताते हैं भाजपा सरकार की ‘एक रुपये में हर घर जल’ की स्कीम की जमीनी हकीकत देखनी हो तो डूंगर गांव चले आये। वे बताते हैं कि गांव में पुरानी पेयजल स्कीम के तहत पानी आता है। बाकायदा ग्रामीण इस पानी का शुल्क भी चुकाते हैं। लेकिन अब सरकारी करींदे ‘एक रुपये स्कीम’ के तहत पुरानी लाइन से ग्रामीणों को पेयजल कनेक्शन मुहैया करा रहे हैं। जिससे अब गांव में पेयजल संकट गहराने लगा है।
गांव के एक दूसरे निवासी अशोक शुक्ला बताते है ये बात सच है कि पुरानी लाइन से ही गांव में पेयजल कनेक्शन दिया जा रहा है। जिसके कारण जो पेड वाले घर है वहां पानी नहीं आ रहा है। और फ्री वाले घरों में पानी जा रहा है।
गांव के एक अन्य निवासी मनोज भी यही दुहराते हैं कि पुरानी लाइन से एक रुपये स्कीम के तहत बेलगाम पानी के कनेक्शन दिये जा रहा है। अब गांव में आलम ये है कि जो पानी का शुल्क चुकाते वहां पानी नहीं आ रहा है।
यूकेडी नेता योगेश शुक्ला कहते है कि इस समस्या को लेकर वे कई मर्तबा विभागीय अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। लेकिन ये अफसर ग्रामीणों की इस समस्या का समाधान करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि होना ये चाहिए था नई स्कीम के तहत नई लाइन से कनेक्शन दिया जाना चाहिए। लेकिन सरकार अपनी उपलब्धियों का आंकड़ा पेश करने को इस तरह का खेल कर रही है।

