कांग्रेस ने मोहित उनियाल को दिया विधानसभा का टिकट

कांग्रेस ने मोहित उनियाल को दिया विधानसभा का टिकट

देहरादून। देहरादून की डोईवाला विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने युवा और स्थानीय नेता मोहित उनियाल को चुनाव मैदान में उतारा है। डोईवाला विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा करने में कांग्रेस ने लंबा समय लगाया। आखिर में प्रदेश की हॉट समझे जानी वाला सीट डोईवाला में कांग्रेस ने युवा चेहरे के रूप में मोहित उनियाल पर दांव खेला है। कांग्रेस से टिकटों के लिए यहां दावेदारों की लंबी सूची थी। इनमें से मोहित उनियाल ने बाजी मारकर सभी को चौंका दिया।

डोईवाला विधानसभा सीट पर कांग्रेस में टिकट के दावेदारों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गौरव चौधरी, जिला पंचायत सदस्य हेमा पुरोहित के साथ मोहित उनियाल भी शामिल थे। आखिर में दिग्गजों को पछाड़ते हुए युवा मोहित उनियाल डोईवाला से टिकट पाने में कामयाब रहे।

मोहित उनियाल राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश संयोजक के अलावा राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस, भारतीय युवा कांग्रेस के गुजरात के प्रभारी, एनएसयूआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

मोहित उनियाल को संगठन में स्थानीय स्तर से लेकर अखिल भारतीय स्तर पर कार्य करने का अनुभव है। राष्ट्रीय स्तर पर काम करने के चलते उनकी राजीव गांधी पंचायत राज संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लाव के साथ खासी नजदीकियां रही। इसके अलावा युवा चेहरे को तबज्जो दिए जाने का लाभ भी 37 वर्षीय मोहित उनियाल को मिला।

कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद मोहित उनियाल ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने इन 5 सालों में जनता को छलने का काम किया है। पिछले 5 साल से डोईवाला में समस्याओं का अंबार लगा है। डोईवाला की जनता खुद को ठगा महसूस करती है। इस बार जनता कांग्रेस पार्टी के स्थानीय प्रत्याशी को जिताने का काम करेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *