संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड में दहेज की बलि एक और बेटी चढ़ गई है। देहरादून जिले के डोईवाला में थाना रानीपोखरी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नवविवाहिता ने रात को रोते हुए अपनी बहन से बात की और परिजनों को सुबह उसकी मौत की खबर मिली। मामले में पुलिस ने मृतका के पति समेत परिवार के चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार मामला रानीपोखरी थाना क्षेत्र के चक सिंधवाल गांव का है। जहां विजेंद्र सिंह की पुत्री आरती का विवाह पवन रावत निवासी भोगपुर से 12 दिसंबर 2021 में हुआ था। रविवार की सुबह आरती का पति पवन रावत उसके मायके आया और आरती को बाथरूम में फिसलने से चोट लगने की बात कही। साथ ही बताया कि वह हिमालयन हास्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती है। जिसके बाद तुरंत ही लड़की के मायकेवाले हिमालयन हास्पिटल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें बताया गया कि उनकी पुत्री की दस घंटे पहले ही मौत हो चुकी थी। जिसके बाद लड़की के पति पवन रावत ने अपना बयान बदलते हुए बताया कि आरती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विवाह के पहले दिन से ही आरती को कम दहेज देने के चलते ससुराल में परेशान किया जाता था।

तहरीर में मृतका के पति पर आरोप लगाया गया है कि उसके किसी अन्य महिला से अवैध संबंध भी थे। शादी के बाद से ही मृतका डरी और घबराई हुई रहती थी। शनिवार की शाम सात बजे आरती ने अपनी बड़ी बहन पूजा को भी फोन किया था, जिसमें वह अपनी बड़ी बहन से बात करते हुए बहुत घबराई हुई थी और रो रही थी। उसके बाद आरती ने फोन काट दिया और आरती से मायकेवालों का कोई संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतका के पति समेत परिवार के चार लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *