मोदी सरकार के दस साल का कार्यकाल निराशाजनकः वीरेन्द्र रावत

मोदी सरकार के दस साल का कार्यकाल निराशाजनकः वीरेन्द्र रावत

हरिद्वार। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेसी उम्मीदवार वीरेन्द्र रावत ने कहा कि वे जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित मीडिया से संवाद को सम्बोधित करते हुए वीरेन्द्र रावत ने कहा कि केन्द्र सरकार का दस साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है।

युवाओं को प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने और महंगाई खत्म करने का वादा कर सत्ता में आई मोदी सरकार अपने किसी भी वादे पर खरी नहीं उतर पाई है।

दस वर्षों में देश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। बड़ी संख्या में यहां बेरोजगार बैठे हैं। महंगाई लगातार बढ़ रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग महंगाई का दंश झेल रहा है। राज्य के संसाधनों पर बाहरी लोगों का दबदबा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि वे 72 सूत्रीय विकास का एजेंडा लेकर जनता के बीच वोट अपील कर रहे है।

वीरेन्द्र रावत ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की निकासी के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। अपने पिता और पूर्व सीएम हरीश रावत के मुख्यमंत्री काल में कराए गए विकास कार्यों पर भी उन्होंने बात रखते हुए कहा कि पूर्व सीएम हरीश रावत के कार्यकाल में जनपद में 17 पुलों के निर्माण सहित तमाम विकास कार्यों को भी गति प्रदान की गई।

वीरेन्द्र रावत ने बताया कि वह जनता की सेवा के लिए राजनीति में आए हैं। उन्होंने बताया दिल्ली में एनएसयूआई छात्र संगठन से राजनीति शुरू करते हुए कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहकर जनता के मुद्दो को प्रमुखता से उठाया।

वीरेन्द्र रावत ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में अब तक मृतका के परिजनों को सरकार न्याय नहीं दिला पाई है। वीआईपी का नाम भी उजागर नहीं किया गया। संवाद से पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा व महामंत्री प्रदीप जोशी ने बुके देकर वीरेन्द्र रावत का स्वागत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *