देहरादून: दशहरा मेले के आयोजन को देखते हुए मंगलवार को देहरादून के परेड ग्राउंड के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने परेड ग्राउंड को जीरो जोन घोषित करते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करने की योजना बनाई है। भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए 11 प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
कालिका मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा
दशहरा मेले की शोभायात्रा कालीदास रोड स्थित श्री कालिका मंदिर से शुरू होकर मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्लेहॉल और कनक चौक से होते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी। शोभायात्रा के दौरान इन मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुद्धा चौक, दर्शन लाल चौक, डूंगा हाउस, कनक चौक, ओरिएंट चौक और सर्वे चौक सहित 11 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। हालांकि, आपातकालीन और अति आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को आवाजाही की छूट रहेगी।
विक्रम और सिटी बसों के रूट में बदलाव
पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार, अलग-अलग रूटों पर चलने वाले विक्रम और सिटी बसों के संचालन में बदलाव किया गया है।
- रूट नंबर 3: विक्रम केवल तहसील चौक तक आएंगे और वहां से दून चौक के रास्ते वापस जाएंगे।
- रूट नंबर 5 और 8: विक्रम रेलवे गेट से ही वापस भेजे जाएंगे।
- रूट नंबर 2: विक्रम सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस लौटेंगे।
- कैंट और राजपुर रोड की बसें: ओरिएंट चौक से संचालित होंगी।
- क्लेमनटाउन रूट की बसें: दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए राजपुर रोड जाएंगी।
- रायपुर रोड की बसें: चूना भट्टा से चलेंगी और सर्वे चौक तक ही सवारी ला सकेंगी।
इन जगहों पर कर सकेंगे वाहन पार्क
दशहरा मेले में आने वाले लोगों के लिए शहर में कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालकों की सुविधा के लिए निम्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
आम लोगों के लिए पार्किंग स्थल:
- रेंजर्स ग्राउंड
- मंगला देवी इंटर कॉलेज
- काबुल हाउस
- नगर निगम परिसर
- पुराना तहसील परिसर
वीआईपी वाहनों के लिए पार्किंग:
- परेड ग्राउंड में मंच के पीछे
- दून क्लब
- स्मार्ट सिटी टिन शेड
- प्रेस क्लब के पास
मुख्य पार्किंग स्थलों पर जगह भरने की स्थिति में सचिवालय, जनपथ मार्केट, महिला पॉलिटेक्निक और कचहरी के पास वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। इन स्थानों पर सिंगल लेन में वाहन खड़े कराए जाएंगे।
