WhatsApp के Android, iOS और Desktop वर्जन में कई सुरक्षा कमजोरियां सामने आई हैं। इनका फायदा उठाकर हैकर्स निजी चैट और जरूरी फाइलों तक पहुंच बना सकते हैं।
WhatsApp इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम चेतावनी सामने आई है। भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने मैसेजिंग ऐप के पुराने वर्जन में मौजूद खामियों को लेकर अलर्ट जारी किया है। एजेंसी ने यूजर्स को ऐप अपडेट रखने की सलाह दी है, क्योंकि इन कमजोरियों के कारण निजी डेटा की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। CERT-In के मुताबिक, WhatsApp के Android, iPhone और Desktop वर्जन में कई तकनीकी कमजोरियां पाई गई हैं। साइबर अपराधी इनका फायदा उठाकर डिवाइस में अनधिकृत कोड चला सकते हैं और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंचने की कोशिश कर सकते हैं।
संदिग्ध फाइलों से हो सकता है साइबर अटैक
सामने आई जानकारी के अनुसार, ऐप में इनपुट वैलिडेशन, मेमोरी मैनेजमेंट और मीडिया फाइलों को संभालने से जुड़ी समस्याएं हैं। इसके अलावा लिंक्ड डिवाइस और मैसेजिंग सेशन की सुरक्षा से जुड़े पहलू भी प्रभावित हो सकते हैं। हैकर्स खास तरीके से तैयार की गई मीडिया फाइलों या संदिग्ध लिंक के जरिए इन कमजोरियों का फायदा उठा सकते हैं। ऐसा होने पर WhatsApp क्रैश होने से लेकर निजी चैट और फाइलों तक अनधिकृत पहुंच बनने का खतरा हो सकता है।
यूजर्स कैसे रखें अपना अकाउंट सुरक्षित?
साइबर सुरक्षा एजेंसी की चेतावनी के बाद यूजर्स को WhatsApp का उपलब्ध नवीनतम वर्जन इंस्टॉल करना चाहिए। इसके लिए केवल Google Play Store, Apple App Store या आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें। अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक और फाइलों को खोलने से बचें। साथ ही WhatsApp की Linked Devices लिस्ट चेक करते रहें और किसी अनजान डिवाइस को अकाउंट से हटाएं। समय पर ऐप अपडेट करना डिजिटल सुरक्षा की दिशा में एक जरूरी कदम है।
