मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में आग से घरों के साथ ग्रामीणों की आजीविका भी तबाह हो गई। पर्यटन के सहारे पलायन रोकने की कोशिश कर रहे परिवार अब दोबारा बसने के लिए सरकारी मदद की आस लगाए हैं।
उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने ग्रामीणों की जिंदगी को मुश्किल में डाल दिया है। आग की चपेट में आने से 45 परिवारों के घर उजड़ गए, वहीं उनके रोजगार और स्वरोजगार की उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
दरअसल, हरकीदून ट्रेक पर आने वाले पर्यटकों को देखते हुए गांव के कई परिवार अपने घरों को होमस्टे के रूप में तैयार कर रहे थे। कुछ लोगों ने होमस्टे शुरू भी कर दिए थे, जबकि कई परिवार इसके लिए अपनी जमा पूंजी लगा चुके थे। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पर्यटन के जरिए गांव में रोजगार बढ़ेगा और पलायन रोकने में मदद मिलेगी, लेकिन आग ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने के साथ आजीविका का भी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने सरकार से सामान्य राहत के अलावा होमस्टे और पर्यटन योजनाओं के तहत विशेष आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वे फिर से अपना कारोबार शुरू कर सकें। इस घटना ने गांव की बदहाल बुनियादी सुविधाओं की समस्या भी उजागर कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक, सांकरी से पवाणी तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। करीब पांच किलोमीटर के बाद रास्ता उबड़-खाबड़ और क्षतिग्रस्त हो जाता है, जिससे राहत और बचाव दलों को गांव तक पहुंचने में परेशानी हुई।
वहीं, गांव में मोबाइल नेटवर्क भी बड़ी समस्या बना हुआ है। ग्रामीणों को आग लगने की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने के लिए नेटवर्क की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा। स्थानीय लोगों ने पवाणी सहित आसपास के गांवों में बेहतर सड़क और मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और रोजगार की व्यवस्था के साथ सीमांत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी आपदा के दौरान लोगों को ऐसी मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
