कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए ट्रैफिक प्लान लागू किया है. जिससे उन्हें परेशानियों का सामना ना करना पड़े.
हल्द्वानी: बाबा नीम करौरी की महिमा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद नैनीताल जिले के कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद ने पहाड़ की यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है. वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है. भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा.
यातायात प्लान के तहत सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. भारी वाहनों को जनपद की सीमा पर ही रोका जाएगा. वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे. अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा.
रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों में जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. वहीं, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा. काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी से मुक्तेश्वर और रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. कैंची धाम पहुंचने वाले पर्यटकों के भी पार्किंग की व्यवस्था तय की गई है.
