देहरादून : सिद्धांत बड़ोनी को फंसाने का आरोप लगाकर संगठन ने उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा बजरंग दल
देहरादून में 14 लाख रुपये की लूट के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद संगठन और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। बजरंग दल ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर की गई है। बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज वालिया ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक सामान्य विवाद को लूट का मामला बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिद्धांत बड़ोनी को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। संगठन ने घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी, कथित लूट की परिस्थितियों और 14 लाख रुपये की नकदी के स्रोत को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अनुज वालिया ने दावा किया कि सिद्धांत बड़ोनी ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी। इसके बावजूद उन्हें लूट के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। संगठन ने पुलिस हिरासत में उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आरोपों को किया खारिज
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, पुलिस ने करीब डेढ़ सप्ताह तक मामले की जांच की। इस दौरान चश्मदीदों के बयान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य महत्वपूर्ण सबूत जुटाए गए। जांच में भूमिका सामने आने के बाद सिद्धांत बड़ोनी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी संगठन को निशाना बनाकर कार्रवाई नहीं की गई है। गिरफ्तारी पूरी तरह जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर हुई है। पुलिस ने बजरंग दल की ओर से उठाए गए सवालों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने और संगठन के प्रतिनिधियों से बातचीत करने की बात भी कही है।
फिलहाल मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है। दूसरी ओर, बजरंग दल ने लूटकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। ऐसे में 14 लाख रुपये की लूट का यह मामला अब पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ संगठन और प्रशासन के बीच विवाद का मुद्दा भी बन गया है।
