गैरसैण में सात जून से आयोजित होगा बजट सत्र

देहरादून। उत्तराखण्ड विधानसभा का बजट अगले महीने सात जून से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में आयोजित किया जाएगा। उत्तराखण्ड की पांचवी विधानसभा का ये दूसरा विधानसभा सत्र होगा। वहीं बतौर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गैरसैण में यह पहला सत्र होगा। गैरसैण में होने जा रहे सत्र को काफी अहम माना जा रहा है इस सत्र में प्रदेश सरकार विधानसभा में जहां एक ओर बजट पेश करेगी। वहीं प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट का चुनाव भी इस सत्र के दौरान होगा।

गैरसैंण में बजट सत्र कराये जाने को लेकर विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सरकार वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिये बजट लाने की तैयारियों में जुटी हुई है। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार इस बार के बजट में आम आदमी के सुझाव को शामिल करने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में बजट-पूर्व संवाद का आयोजन कर रही है।

इस कार्यक्रम के जरिए लोगों से सीधे सुझाव लिए जा रहे हैं। साथ ही मेल के जरिए सुझाव मांगे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल जनता और प्रतिनिधियों से संवाद के जरिए बजट-पूर्व संवाद कर रहे हैं। वित्त विभाग की ओर से विभिन्न विभागों से बजट के बारे में प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। बजट स्टेक होल्डर्स कंसल्टेंशन के तहत बजट 2022-23 के निर्माण में गढ़वाल और कुमायूं मंडल में प्रतिनिधि समूहों के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पहली बार एक संवाद कार्यक्रम के तहत वार्ता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *