संगठन महामंत्री की त्रिवेन्द्र से मुलाकात, मिल सकती है कोई बड़ी जिम्मेदारी

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी०एल०संतोष ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से उनके डिफेंस कालोनी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने त्रिवेन्द्र रावत द्वारा चलाए जा रहे रक्तदान अभियान की प्रशंसा की। बी०एल०संतोष दो दिनों के उत्तराखण्ड दौरे पर हैं। केन्द्रीय संगठन महामंत्री का उत्तराखण्ड दौरा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखण्ड की राजनीति पर सौहार्दपूर्ण परिचर्चा हुई। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व त्रिवेन्द्र रावत के सरकार और संगठन के अनुभवों का लाभ लेने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आलाकमान त्रिवेन्द्र की राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका को लेकर बहुत कुछ तय कर चुका है। जल्द ही इसकी घोषणा की जा सकती है। त्रिवेन्द्र रावत भाजपा के उन नेताओं में शुमार है जो अपने नेतृत्व क्षमता और त्वरित निर्णय के लिए जाने जाते है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *